आज की ताजा खबर

बदायूं: रामा अस्पताल में इलाज के दौरान होमगार्ड की मौत, परिजनों का हंगामा; लापरवाही और मिलीभगत का लगाया आरोप

top-news

परविन्दर प्रताप सिंह

बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित रामा हॉस्पिटल में पथरी का इलाज कराने आए एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि पिछले 10 से 12 दिनों के भीतर इस अस्पताल में यह तीसरी मौत है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन कोई ठोस कदम उठाने के बजाय मौन साधे हुए है।


ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत

जानकारी के अनुसार, जगत निवासी जगदीश (पुत्र भूपराम), जो डायल-112 में होमगार्ड के पद पर तैनात थे, को पथरी की शिकायत के बाद रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद उनका ऑपरेशन किया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद से ही जगदीश की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। इसकी शिकायत कई बार ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ व डॉक्टरों से की गई, लेकिन उन्होंने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया और न ही समय पर कोई आपातकालीन कदम उठाए। आखिरकार, उचित देखभाल न मिलने के कारण मरीज ने दम तोड़ दिया।

10-12 दिनों में तीसरी मौत से फूटा आक्रोश

होमगार्ड की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि रामा हॉस्पिटल मरीजों की मौतों और अव्यवस्थाओं का गढ़ बन चुका है। बीते 10-12 दिनों के भीतर यहां इलाज के दौरान तीन मौतें हो चुकी हैं, फिर भी स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन अस्पताल संचालक पर मेहरबान बना हुआ है।

पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

पीड़ित परिवार ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सांठगांठ पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन के रसूख के चलते शिकायत करने के बाद भी कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, बल्कि उल्टा आवाज उठाने वाले पीड़ित परिवारों पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। परिजनों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/w2xEh-UEp7w

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *