आज की ताजा खबर

सुल्तानपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा रैली, छात्रों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

top-news

राष्ट्रीय एकता और अखंडता के साथ राष्ट्रध्वज के सम्मान का लिया संकल्प

श्यामचंद्र  श्रीवास्तव

सुल्तानपुर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में तिरंगा रैली और प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।

श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान, जवाहर लाल स्मारक इंटर कॉलेज गरयें, नेशनल इंटर कॉलेज कादीपुर, पंडित रामबली मिश्र श्री शोभाराम राष्ट्रीय इंटर कॉलेज चंदीपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय कांदीपुर, राजकीय बालिका हाईस्कूल महमूदपुर जंगल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कादीपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज अमिलिया सिकरा, जीएचएस इस्माइलपुर कूरेभार और पीएम श्री केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुल्तानपुर समेत कई विद्यालयों में तिरंगा रैली निकाली गई।


हाथों में तिरंगा लेकर निकले छात्र-छात्राएं

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगे से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

रैली के बाद विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ सामूहिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। शिक्षकों और विद्यालय के प्रधानाचार्यों ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और उसके सम्मान के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संविधान में निहित मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया गया।


वीरों के बलिदान को याद कर मजबूत राष्ट्र का लिया संकल्प

शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

शासन के निर्देशों के क्रम में वंदे मातरम की 150वीं जयंती के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान-2026 को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने का संकल्प लिया। जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी तिरंगा रैली और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *