आज की ताजा खबर

पीलीभीत के मेधावी छात्रों को अखिलेश यादव ने बांटे लैपटॉप, टॉपर्स का हुआ सम्मान

top-news

94 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया सम्मानित

अभिभावकों की मौजूदगी में मेधावियों को मिला सम्मान, शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन का दिया संदेश

शोएब खान, संवाददाता पीलीभीत

पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पीलीभीत जिले के हाईस्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से लैपटॉप वितरित किए। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पीलीभीत के मेधावी विद्यार्थियों ने अपने बेहतर परीक्षा परिणाम से जिले का नाम रोशन करने के लिए सम्मान हासिल किया। प्रांजल मौर्य और यश प्रजापति ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि सृष्टि कश्यप ने 94.02 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं वफी फातिमा ने 89.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। सभी विद्यार्थियों को अखिलेश यादव ने लैपटॉप और अन्य उपहार देकर सम्मानित किया।


मेधावियों के सम्मान से बढ़ा उत्साह

सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के माता-पिता भी मौजूद रहे। बच्चों की उपलब्धि पर अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने से उनमें आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ता है। ऐसे सम्मान से दूसरे विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।


सपा नेताओं ने दी मेधावी छात्रों को शुभकामनाएं

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप और प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सतेन्द्र मौर्य का विशेष सहयोग रहा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान करना युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। मेधावी विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *