आज की ताजा खबर

गुजैनी में गोस्वामी तुलसीदास जयंती की पूर्व संध्या पर हुआ आयोजन

top-news

विधायक अरुण पाठक ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, तुलसीदास के साहित्य और रामचरितमानस के योगदान पर हुई चर्चा

जन जागृति मंच के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रामलीला परंपरा और तुलसी साहित्य के महत्व पर डाला गया प्रकाश

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। गोस्वामी तुलसीदास जयंती की पूर्व संध्या पर गुजैनी के जी ब्लॉक रामलीला पार्क में जन जागृति मंच की ओर से गोस्वामी तुलसीदास जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंच के अध्यक्ष एवं दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य विनोद मिश्र के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए अरुण पाठक ने गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और साहित्यिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तुलसीदास मध्यकालीन भारत के महान संत कवि और दार्शनिक थे। वे भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त और विश्व प्रसिद्ध रामचरितमानस के रचयिता थे। उन्होंने तुलसीदास के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके साहित्य और आध्यात्मिक योगदान को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।


रामचरितमानस सहित कई ग्रंथों की रचना

कार्यक्रम संयोजक विनोद मिश्र ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने अवधी और ब्रजभाषा में कई महत्वपूर्ण ग्रंथों की रचना की। रामचरितमानस अवधी भाषा का प्रसिद्ध महाकाव्य है। इसके अलावा उन्होंने विनय पत्रिका, कवितावली, दोहावली, गीतावली, वैराग्य संदीपनी और जानकी मंगल सहित कई रचनाएं कीं।

उन्होंने कहा कि तुलसीदास का साहित्य भारतीय समाज और संस्कृति पर गहरा प्रभाव डालता है। वाराणसी में संकट मोचन हनुमान मंदिर की स्थापना और रामलीला परंपरा को आगे बढ़ाने में भी उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस आज भी भारतीय परिवारों और समाज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

जन सहयोग से वर्षों से हो रही रामलीला

विनोद मिश्र ने बताया कि जन जागृति मंच की ओर से पिछले कई दशकों से बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता, चंदे या अनुदान के गोस्वामी तुलसीदास जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सहयोगी संस्था श्री रामलीला सोसाइटी की ओर से गुजैनी जी ब्लॉक रामलीला पार्क में जन सहयोग से प्रतिवर्ष क्वार माह में रामचरितमानस पर आधारित 12 दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम में डॉ. रंजना मिश्रा, आचार्य रामशेखर द्विवेदी, डॉ. सीपी पांडेय, अशोक द्विवेदी, मनीष अवस्थी, मनीष मिश्रा, दुर्गेश त्रिपाठी, दीपेंद्र दुबे, आनंद शुक्ला, महेश पाल, अनुसूया शर्मा, राजकुमार गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *