आज की ताजा खबर

छठ महापर्व की भव्य छटा, सुमली नदी तट पर आस्था का संगम

top-news

सूरतगंज (बाराबंकी)। क्षेत्र के सालपुर ककरहा घाट, हलबलपुर, मोलहेसिंह पुरवा और अमराई गांव में सोमवार को मनाए गए छठ महापर्व ने आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा प्रस्तुत किया। सुमली नदी के तट पर सुबह से ही तैयारियों में जुटी महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखने लायक था। शाम होते-होते घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सूर्यास्त के समय हर ओर आराधना और भक्ति का आलोक छा गया।
भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा वातावरण 
शाम चार बजे से पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ, जिसमें आसपास के गांवों से सैकड़ों महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। पारंपरिक परिधान में सजी महिलाएं फल, मिष्ठान, गन्ना, नारियल, हल्दी, सिंघाड़ा, अंगूर और अन्य प्रसाद लेकर घाट पर पहुंचीं। परंपरा के अनुरूप उन्होंने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। चारों ओर छठ गीतों की मधुर गूंज, महिलाओं की भक्ति और दीपों की रौशनी से घाट का वातावरण आध्यात्मिक हो उठा। बच्चे, वृद्ध और युवा सभी श्रद्धा में लीन नजर आए।
सजावट और सुरक्षा की रही विशेष व्यवस्था 
पूरे घाट की सुंदर सजावट में छठ पूजा समिति का विशेष योगदान रहा। घाट को फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। सूर्यास्त के साथ ही दीपों की कतारों ने सुमली तट को आलोकित कर दिया। जनरेटर व्यवस्था से पूरे परिसर को रोशनी से नहलाया गया। आसपास के घरों में भी दीप प्रज्वलित कर लोगों ने पर्व की खुशी साझा की। सुरक्षा के दृष्टिकोण से व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा तथा सूरतगंज चौकी प्रभारी उमेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करने में पूरा सहयोग दिया। रात ढलते-ढलते भी घाट पर गीतों और दीपों का रंग बरकरार रहा। सालपुर ककरहा घाट भक्ति, उत्साह और आस्था की ज्योति से देर रात तक जगमगाता रहा — मानो पूरी धरती छठ मैया के प्रकाश से नहाई हो।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *