आज की ताजा खबर

पनकी मंडल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक सुरेंद्र मैथानी और जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने किया नेतृत्व

top-news

दादा नगर से शुरू हुई यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा क्षेत्र

सैकड़ों नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने लिया हिस्सा, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत

कानपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को दादा नगर स्थित पनकी मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों के बीच राष्ट्रभक्ति का उत्साह नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी और भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित प्रमुख रूप से मौजूद रहे। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने तिरंगा फहराकर यात्रा का शुभारंभ किया और हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा का नेतृत्व किया।


दादा नगर से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा

आयोजकों के अनुसार दादा नगर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पनकी मंडल के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। युवा और महिलाएं भी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

यात्रा के दौरान कई स्थानों पर क्षेत्रीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना रहा।

तिरंगा हर नागरिक के गौरव का प्रतीक: सुरेंद्र मैथानी

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा उन स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों को नमन करने का भी अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

उन्होंने पनकी मंडल के लोगों की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह उत्साह देश के प्रति लोगों की भावना को दर्शाता है। विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील भी की।

नई पीढ़ी को देशसेवा से जोड़ने का संदेश

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान से देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ आने और नई पीढ़ी को देशसेवा के प्रति प्रेरित करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में पार्षद आरती त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, अभिनव दीक्षित, ललित उपाध्याय, सियाराम पाल, आलोक तिवारी, राजेश सिंह, केके तिवारी, प्रियंका सिंह, आशा पाल, अस्मिता निगम समेत पार्टी पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *