आज की ताजा खबर

रिहायशी पार्क बना कूड़ाघर, गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा

top-news

नगर निगम की अनदेखी से एल ब्लॉक केशवपुरम के लोग परेशान

पार्क में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, सफाई और कूड़ा उठाने की मांग

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र के एल ब्लॉक केशवपुरम में ब्रह्मदेव चौराहा के पास स्थित रिहायशी पार्क इन दिनों कूड़े के ढेर से घिरा हुआ है। गोल्ड गैलेक्सी गेस्ट हाउस के बगल वाली गली में शुक्ला मेडिकल स्टोर के सामने स्थित पार्क में जगह-जगह गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पार्क में नियमित रूप से कूड़ा डाला जा रहा है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण यहां गंदगी के साथ दुर्गंध भी बनी हुई है। कूड़े के ढेर के आसपास मच्छर और मक्खियां पनपने से स्थानीय लोगों को संक्रमण और बीमारियों का खतरा सता रहा है।


शिकायतों के बावजूद नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों के मुताबिक रिहायशी इलाके में स्थित पार्क बच्चों और बुजुर्गों के लिए उपयोगी स्थान है, लेकिन सफाई के अभाव में इसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से पार्क में जमा कूड़े को तत्काल हटवाने और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक पार्क को कूड़ा डालने की जगह बनाए जाने से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

कूड़ा हटाकर नियमित सफाई की मांग

लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *