आज की ताजा खबर

परेड चौराहे पर जलभराव से बेहाल शहर, स्मार्ट सिटी के दावों पर उठे सवाल

top-news

दो दिन से बारिश नहीं, फिर भी सड़क पर भरा पानी; यातायात व्यवस्था भी चरमराई

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल परेड चौराहा इन दिनों बदहाल व्यवस्था का शिकार है। यहां दो मेट्रो स्टेशन, नवीन मार्केट, पीपीएन मार्केट, शहर की प्रमुख स्मार्ट पार्किंग और एमजी रोड जैसे महत्वपूर्ण स्थान होने के बावजूद सड़कों पर जलभराव और अव्यवस्थित यातायात से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक दो दिन से बारिश नहीं हुई, इसके बावजूद परेड चौराहे की सड़कों पर पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण सड़क पर वाहनों के निकलने की जगह कम पड़ रही है। पैदल राहगीरों और सार्वजनिक वाहन से सफर करने वालों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। लोग पानी से बचते हुए ऑटो, ई-रिक्शा और बस पकड़ने को मजबूर हैं।

परेड चौराहा शहर के विभिन्न इलाकों कल्याणपुर, रावतपुर, आवास विकास, चुन्नीगंज और पनकी की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख केंद्र है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में जलभराव और अव्यवस्थित यातायात ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।


रोजाना गुजरते हैं अधिकारी, फिर भी नहीं दिखी बदहाली

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर की सुंदरता और विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन परेड जैसे महत्वपूर्ण चौराहे की स्थिति पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है। लोगों का सवाल है कि जब इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, तो उन्हें सड़क पर भरा पानी और यातायात की बदहाली क्यों नजर नहीं आती?

नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *