आज की ताजा खबर

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 15 लाख का गांजा बरामद, बिहार का तस्कर गिरफ्तार

top-news

ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहा था आरोपी, ट्रॉली बैग से 13.650 किलो मादक पदार्थ मिला

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने स्टेशन के कैंट साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके ट्रॉली बैग से 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है और ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली के आनंद विहार पहुंचाने की तैयारी में था। आरोपी की पहचान विनय कुमार शर्मा (36) पुत्र ध्रुव शंकर शर्मा, निवासी ग्राम रामा छपरा, थाना दुरौंधा, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई है।


संदिग्ध हालत में ट्रॉली बैग लेकर खड़ा था आरोपी

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम 20 अगस्त 2026 की रात करीब 12:40 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैंट साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में सुलभ शौचालय के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति ट्रॉली बैग लेकर खड़ा दिखाई दिया।

संदेह होने पर टीम ने उससे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान वह घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई तो उसमें गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली के आनंद विहार जाने वाला था। वह पेड़ के नीचे बैठकर आनंद विहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था।

जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई एसपी रेलवे अनुभाग प्रयागराज प्रशान्त वर्मा की मॉनिटरिंग और सीओ रेलवे कानपुर शेषमणि उपाध्याय के दिशा-निर्देश में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

20 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उससे पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और उसके संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

बरामदगी एक नजर में

· स्थान: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन, कैंट साइड

· समय: 20 अगस्त 2026, रात करीब 12:40 बजे

· बरामद मादक पदार्थ: 13 किलो 650 ग्राम गांजा

· अनुमानित कीमत: 15 लाख रुपये से अधिक

· गिरफ्तार आरोपी: विनय कुमार शर्मा

· निवासी: सिवान, बिहार

· गांजा लाया था: ओडिशा से

· ले जाने की तैयारी: दिल्ली, आनंद विहार 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *