आज की ताजा खबर

लाल बंगला की नई सब्जी मंडी में ट्रेडजिला प्रतिष्ठान में लगी भीषण आग, लाखों का माल राख

top-news

सुबह धुआं निकलने की सूचना पर पहुंचा संचालक, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

अरविन्द पाण्डेय 

कानपुर। चकेरी चौकी क्षेत्र के लाल बंगला स्थित नई सब्जी मंडी में शुक्रवार सुबह ट्रेडजिला प्रतिष्ठान में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक प्रतिष्ठान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

प्रतिष्ठान के संचालक मृत्युंजय चौधरी ने बताया कि सुबह करीब 8:15 बजे उनके पास फोन आया कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। दुकान का शटर उठाते ही अंदर आग की लपटें देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।


कुछ ही मिनट में दमकल ने बुझाई आग

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कुछ ही मिनट में आग पर काबू पा लिया, जिससे आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

हालांकि आग इतनी भीषण थी कि प्रतिष्ठान में रखा पूरा माल जलकर राख हो गया। दुकान संचालक मृत्युंजय चौधरी के मुताबिक आग से उन्हें करीब 40 से 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

फायर अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा।

घटना की जानकारी मिलते ही लाल बंगला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आग की घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। दमकल टीम की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के प्रतिष्ठानों को नुकसान होने से बचाया जा सका।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *