आज की ताजा खबर

श्री जगन्नाथ महाराज मंदिर में धूमधाम से मनाया गया झूला उत्सव, सावन के गीतों से गूंजा मंदिर परिसर

top-news

फूलों से सजे झूले पर विराजे भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र; भक्तों ने श्रद्धा के साथ झुलाया झूला

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। सावन माह के पावन अवसर पर गुरुवार को श्री जगन्नाथ महाराज मंदिर (बिरजी भगत) में झूला उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शाम करीब छह बजे मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। इस दौरान रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाए गए झूले में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी, उनकी बहन सुभद्रा जी और भ्राता बलभद्र जी को विधि-विधान के साथ विराजमान कराया गया। इसके बाद आरती कर झूला उत्सव का शुभारंभ किया गया।


सावन के भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

झूला उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में सावन के मनभावन धार्मिक गीतों का गायन किया गया। भक्तों ने ‘आई बागों में बहार, झूला झूले सुभद्रा बहन प्यारी’, ‘सुभद्रा बहन झूला झूल रही संग जगन्नाथ भ्राता बलभद्र जी के साथ’ और ‘झूला झूल रहे भगवान नंद के आंगन में’ जैसे भक्ति गीतों के साथ भगवान का गुणगान किया।

इसके अलावा ‘सावन की पड़ी ठंडी फुहार, पेड़ों में लगी झूलों की कतार, राधा झूला झूले संग श्याम’ और ‘सावन की सबको बधाई, राधा रानी झूला झूलने आयी’ जैसे गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत गाते हुए फूलों से सजे झूले की रस्सी खींचकर भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी, सुभद्रा जी और बलभद्र जी को झूला झुलाया।

श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

झूला उत्सव में ज्ञानेन्द्र कुमार गुप्त, गोपाल गुप्त, अभिषेक गुप्त, अम्बरीष गुप्त, ज्ञानेन्द्र कुमार विश्नोई, पुष्कर गुप्ता, ऋषि अग्रवाल, आयुषी गुप्ता, पदमनी गुप्ता, मिताली विश्नोई, आकांक्षा गुप्ता, तृप्ति गुप्ता, नैना, पलक और आराध्या गुप्ता समेत कई भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सावन के धार्मिक वातावरण में आयोजित इस झूला उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति देखने को मिली। मंदिर परिसर में देर तक भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज रही। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी, सुभद्रा जी और बलभद्र जी की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *