आज की ताजा खबर

नगर पालिका कार्यालय का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण

top-news

ईओ सहित कई कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर जताई नाराजगी।

मुख्य द्वार बंद कर एक घंटे तक चली एसडीएम के निरीक्षण की कार्रवाई, नगर प्रशासन में मचा रहा हड़कंप।

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे नगर प्रशासन अमले में उस समय हड़कंप मच गया जब उपजिलाधिकारी कसया विवेक मिश्रा ने नगर पालिका परिषद कुशीनगर के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी सहित कई कर्मचारी अपने कार्यालय से नदारद मिले, जिससे नाराज एसडीएम ने सख्त रुख अपनाया है।


कार्यकाल का मुख्य द्वार बंद, तैनात रहा होमगार्ड का जवान:-

एसडीएम जैसे ही नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, उन्होंने सबसे पहले मुख्य द्वार को बंद करवा दिया। अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक होमगार्ड के जवान को गेट पर तैनात कर दिया गया और निर्देश दिया गया कि कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति के अंदर या बाहर न जा सके। करीब एक घंटे तक चले इस गोपनीय और कड़े निरीक्षण के दौरान मीडिया कर्मियों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। मुख्य गेट बंद होने के कारण बाहर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।


ईओ और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी:-

सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान जब एसडीएम ने उपस्थिति रजिस्टर और कक्षों की जाँच की, तो अधिशासी अधिकारी सहित कई अन्य कर्मचारी अपनी कुर्सियों से गायब मिले। इस पर एसडीएम ने गहरी नाराजगी जताई। कार्यालय में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने सफाई देते हुए बताया कि ईओ साहब वार्ड नंबर 02 में किसी निरीक्षण के सिलसिले में गई हुई हैं। हालांकि, इस दावे के बावजूद एसडीएम के निरीक्षण का समय बीत जाने और उनके जाने के बाद भी ईओ कार्यालय नहीं पहुँचीं। दबे जुबां से यह भी चर्चा है कि ईओ के कक्ष में ताला लगाने के निर्देश दिए गए हैं, हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।


कर्मचारियों में खलबली और एसडीएम की संक्षिप्त प्रतिक्रिया:-

औचक निरीक्षण की भनक लगते ही कार्यालय परिसर के बाहर घूम रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बाहर मौजूद और चाय-पान की दुकानों पर टहलने वाले कर्मचारी तुरंत दौड़कर कार्यालय के नीचे स्थित हॉल में आकर इकठ्ठा हो गए। एक घंटे तक चले इस गहन निरीक्षण के बाद जब एसडीएम बाहर निकले, तो मीडिया ने उनसे इस औचक कार्रवाई का कारण जानना चाहा। इस पर एसडीएम ने बेहद संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करने के लिए यह निरीक्षण किया गया है।" इतना कहने के बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल:-

इस औचक निरीक्षण के बाद नगर पालिका परिषद कुशीनगर की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवालिया निशान लग गए हैं। शासकीय कार्यालयों में समय पर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शासन के कड़े निर्देश हैं, इसके बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों का इस तरह गायब मिलना बड़ी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। बहरहाल, एसडीएम की इस सख्त कार्रवाई के बाद से नगर पालिका के लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है और माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही अनुपस्थित मिले कर्मियों और ईओ के खिलाफ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा सकती है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *