आज की ताजा खबर

बाढ़ग्रस्त गांवों में पहुंचे भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक, स्टीमर से लिया जायजा; पीड़ितों को बांटी राहत किट

top-news

दस दिन के सूखे राशन की किटें वितरित, ग्रामीणों से जाना बाढ़ का हाल

पिछले साल कटरा में 15 दिन तक चलाया था राहत शिविर, प्रशासन से मदद बढ़ाने की अपील

परविन्दर प्रताप सिंह

बदायूं। जिले में बाढ़ के चलते प्रभावित गांवों में जनजीवन प्रभावित है। इसी बीच वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक ने गुरुवार को उसहैत क्षेत्र के आसपास के बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वह स्टीमर के जरिए प्रभावित इलाकों तक पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों को करीब दस दिनों के लिए पर्याप्त सूखे राशन की राहत किटें वितरित कीं।

डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। बाढ़ की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने निजी स्तर पर राहत सामग्री की व्यवस्था कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई। राशन किट में परिवार के करीब दस दिनों तक उपयोग में आने वाली आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल की गई।


ग्रामीणों से जानी समस्याएं, प्रशासन से हरसंभव मदद की अपील

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान डॉ. पाठक ने ग्रामीणों से पानी की स्थिति, आवागमन में आ रही दिक्कतों और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन परिवारों के सामने खाद्य सामग्री और आवागमन की समस्या है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहायता मिलनी चाहिए।

उन्होंने दातागंज के उपजिलाधिकारी से भी बातचीत कर बाढ़ प्रभावित लोगों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।

डॉ. पाठक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर वह आगे भी राहत कार्यों में सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

पिछले वर्ष कटरा में 15 दिन चलाया था राहत शिविर

बताते चलें कि डॉ. शैलेश पाठक ने पिछले वर्ष भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहल की थी। कटरा क्षेत्र में करीब 15 दिनों तक बाढ़ राहत शिविर और भंडारे का संचालन कराया गया था। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों को भोजन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई थी।

इस बार भी बाढ़ की सूचना मिलने पर उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री वितरण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आपदा के समय राजनीति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करना सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से मिलकर बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद करने की अपील की।

इस दौरान गंगा दयाल कश्यप, मकबूल फैसल, पवन दुबे, मनोज शर्मा, रामकिशोर शाक्य समेत कई लोग मौजूद रहे।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/dOqin8QRiN0

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *