आज की ताजा खबर

गोलीबारी में अधेड़ की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिले भाजपा नेता, हरसंभव मदद का भरोसा

top-news

भूमि विवाद में फायरिंग से हंसराज वर्मा की हुई थी मौत, भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने जाना हाल

बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के रेवतीपुरवा मजरे भिठौरा लखनऊपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में अधेड़ हंसराज वर्मा (52) की मौत के बाद गुरुवार को भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

प्रकाश पाल ने परिजनों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। भाजपा नेता ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में पार्टी उनके साथ खड़ी है।


जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा था विवाद

बताया गया कि गांव में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर मंगलवार सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस कई बार मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आपसी सहमति नहीं बन सकी।

आरोप है कि मंगलवार शाम एक पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और दूसरे पक्ष के लोगों पर तमंचे से फायरिंग कर दी। इस दौरान हंसराज वर्मा पुत्र रामसमुझ को गोली लग गई। गोली उनके कंधे और चेहरे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


मृतक की मां के नाम दर्ज जमीन को लेकर था विवाद

परिजनों के मुताबिक विवाद मृतक की मां सुनीता देवी के नाम दर्ज करीब एक बीघा जमीन को लेकर था। जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। वहीं भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने परिजनों को आश्वासन दिया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *