आज की ताजा खबर

नगर की सफाई व्यवस्था होगी और मजबूत, 1.12 करोड़ के नए वाहनों को मिली हरी झंडी

top-news

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में आएगी तेजी, तंग गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक सफाई में मिलेगी मदद

रमेश द्विवेदी

चित्रकूट नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगरपालिका परिषद ने नई पहल की है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 112.44 लाख रुपये की लागत से खरीदे गए नए वाहनों एवं मशीनरी को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और नगरपालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने वाहनों को रवाना किया।

नगरपालिका परिषद की ओर से इन वाहनों की खरीद 15वें वित्त आयोग की धनराशि से की गई है। नई मशीनरी के उपलब्ध होने से शहर में कूड़ा उठाने, निस्तारण और सफाई कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


तंग गलियों में भी कूड़ा उठाने में मिलेगी सुविधा

नई खरीदी गई मशीनरी में 1.8 घन मीटर क्षमता वाले टाटा एससीई ईवी हॉपर टिपर डंपर के पांच वाहन, 50 एचपी क्षमता वाला जेसीबी स्किड स्टीयर लोडर और 1500 लीटर क्षमता वाली टाटा इंट्रा गोल्ड माउंटेड जेटिंग मशीन विद ट्रैक्टर शामिल है।

इन वाहनों की मदद से नगर की तंग गलियों के साथ-साथ मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा उठाने तथा सफाई कार्य को अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। वहीं जेटिंग मशीन के जरिए सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों में भी सहूलियत मिलेगी।


डीएम ने दिए वाहनों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश

इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए वाहनों और मशीनरी से नगर की सफाई व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की बेहतर सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वाहनों का प्रभावी उपयोग और नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी धन से खरीदी गई मशीनरी का अधिकतम लाभ नगरवासियों को मिल सके। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए।

लोगों से सहयोग की अपील

जिलाधिकारी ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कूड़ा निर्धारित कूड़ा संग्रहण वाहन को ही दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और नगरपालिका के प्रयास तभी पूरी तरह सफल होंगे, जब नागरिक भी स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार, अधिशासी अधिकारी लालजीत यादव, सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला समेत सभासद, नगरपालिका कर्मचारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *