आज की ताजा खबर

ट्रक की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, चार घायल

top-news

आरिफ सिद्दीकी,अर्श यान अर्श

जैतीपुर शाहजहांपुर । बदायूं के दातागंज से रामगंगा घाट से जल भरकर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्राली में शुक्रवार सुबह आलू लदे ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छह कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान बरेली में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। घटना की सूचना से बमिहाना गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव से करीब 15 कांवड़ियों का जत्था गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए बदायूं के दातागंज स्थित बेलाडांडी रामगंगा घाट से जल भरकर वापस लौट रहा था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे नवादा मोड़ पर पुलिस चौकी से लगभग 500 मीटर पहले दातागंज की ओर से आ रहे आलू लदे ट्रक ने कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्राली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, जबकि एक घायल को शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। एक अन्य घायल का जैतीपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बरेली में उपचार के दौरान बमिहाना निवासी गुड्डू पुत्र बेचे (30) और अमन सिंह पुत्र प्रेमपाल सिंह (20) की मौत हो गई। घायलों में अंकित (18), मोहित (20) और शिवम मिश्रा (25) शामिल हैं। तीनों सगे भाई हैं। इसके अलावा जितिन पुत्र सेठपाल भी घायल हुआ है।


परिवार की जिम्मेदारी संभालता था गुड्डू

मृतक गुड्डू दो भाइयों में बड़ा था। उसका एक छोटा भाई और तीन बहनें हैं। करीब आठ वर्ष पहले उसकी शादी आरती से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। गुड्डू परिवार की जिम्मेदारी संभालता था। उसकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पांच बहनों का इकलौता सहारा था अमन

मृतक अमन सिंह दो भाइयों में छोटा था। उसकी पांच बहनें हैं। अमन की अभी शादी नहीं हुई थी और वह परिवार का हाथ बंटाता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।

अमन का था ट्रैक्टर

ग्रामीणों के अनुसार हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर अमन सिंह का ही था। ट्रैक्टर गांव का ही एक युवक चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का पिछला पहिया भी बॉडी से अलग हो गया।

पुलिस ने कराया यातायात सुचारू

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी विदुष सक्सेना मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। उन्होंने जैतीपुर के निजी अस्पताल पहुंचकर घायल कांवड़ियों का हालचाल भी जाना। थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। बरेली में मृतक दोनों कांवड़ियों के शवों का पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *