आज की ताजा खबर

उन्नाव में 200 युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, लेदर कटर और जरी-जरदोजी की छह माह की ट्रेनिंग

top-news

बंथर में प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, रोजगार से जोड़ने का किया जाएगा प्रयास

मोहम्मद आरिफ़

उन्नाव। जिले में बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने की पहल शुरू की गई है। लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित बंथर के पास एक चमड़ा फैक्ट्री परिसर में शुक्रवार दोपहर कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक शिशिर अवस्थी ने बताया कि हिंदुस्तान लेटेक्स फैमिली प्लानिंग प्रमोशन ट्रस्ट (एचएलएफपीपीटी) की ओर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उन्नाव में भी युवाओं को प्रशिक्षण देने की शुरुआत की गई है।


दो ट्रेडों में 200 युवाओं का हुआ नामांकन

प्रशिक्षण केंद्र में युवाओं को लेदर कटर और जरी-जरदोजी ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। दोनों ट्रेडों में कुल 200 युवाओं का नामांकन किया गया है। प्रशिक्षण की अवधि छह माह निर्धारित की गई है, जिसमें युवाओं को संबंधित कार्य की बारीकियां और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक प्रशिक्षण के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को शामिल किया गया है। इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।

कानपुर और उन्नाव की फैक्ट्रियों में रोजगार दिलाने की तैयारी

प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक शिशिर अवस्थी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को कानपुर और उन्नाव की विभिन्न फैक्ट्रियों में रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षित युवाओं को न्यूनतम वेतन के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे वे अपनी आय बढ़ाकर परिवार की आजीविका में सहयोग कर सकें।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने युवाओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और सीखे गए हुनर का बेहतर उपयोग करने की अपील की। प्रशिक्षण शुरू होने से युवाओं में भी रोजगार को लेकर उम्मीद जगी है। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार कर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/4FdC--AbyP8

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *