आज की ताजा खबर

जाजमऊ की ईशान टेनरी में गैस लगने से कर्मी की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

top-news

सरैया स्थित टेनरी में सुबह पांच बजे हुआ हादसा, 30 वर्षीय मनोज ने दम तोड़ा

पत्नी और छह माह की बेटी के साथ रहता था मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के जाजमऊ स्थित सरैया इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईशान टेनरी में काम करने वाले 30 वर्षीय कर्मी मनोज की गैस लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही टेनरी में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने टेनरी मालिक और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

जानकारी के मुताबिक, मनोज रोज की तरह टेनरी में काम कर रहा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे गैस लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


परिजनों ने मालिक और प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

मनोज की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन अस्पताल पहुंचे। घटना से आक्रोशित स्वजन ने टेनरी मालिक और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना था कि यदि सुरक्षा व्यवस्था का उचित इंतजाम होता तो हादसे को टाला जा सकता था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों और टेनरी में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पत्नी और छह माह की बेटी को छोड़ गया मनोज

मृतक मनोज चकेरी के देवीगंज का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी काव्या और महज छह माह की बेटी है। मनोज की अचानक मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। वहीं, परिजन टेनरी प्रबंधन की कथित लापरवाही की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *