आज की ताजा खबर

सांप के मुंह में अंगूठा डालकर वीडियो बना रहा था युवक, तीन बार डसा

top-news

रेलवे लाइन के पास पकड़े सांप के साथ कर रहा था स्टंट, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

रोहित अवस्थी
अछल्दा, औरैया।
सांप के साथ स्टंट करना और उसका वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। रेलवे लाइन के पास मिले जिंदा सांप को पकड़कर युवक ने उसके मुंह में अपना अंगूठा डाल दिया। सांप ने अंगूठे को जकड़ लिया और युवक को करीब तीन बार डस लिया। घटना की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक, सराय बाजार निवासी 25 वर्षीय ऋषि पोरवाल पुत्र अमित कुमार उर्फ हीरो गुरुवार शाम रेलवे लाइन के पास एक दुकान से निकले सांप को पकड़कर स्टेशन की ओर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान युवक ने सांप को हाथ में पकड़ लिया और उसके मुंह में अपना अंगूठा डालकर वीडियो बनाने लगा।


सांप ने अंगूठा जकड़ा, छुड़ाने की कोशिश में दोबारा किया हमला

युवक के अंगूठा सांप के मुंह में डालते ही उसने हमला कर दिया और अंगूठे को जकड़ लिया। ऋषि ने सांप का जबड़ा खोलकर अंगूठा छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान सांप ने दोबारा हमला कर दिया। युवक के मुताबिक, सांप ने उसे करीब तीन बार डसा।

घटना की सामने आई तस्वीरों में युवक के हाथ पर खून के निशान दिखाई दे रहे हैं, जबकि उसका अंगूठा सांप के मुंह में फंसा नजर आ रहा है। सांप के लगातार फुफकारने और हमला करने के बाद युवक ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद सांप झाड़ियों में चला गया।


अस्पताल पहुंचने की जानकारी नहीं

घटना के बाद युवक के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अभिचल पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को सांप के काटने का कोई मरीज अस्पताल नहीं आया।

घटना के बाद सांप के साथ इस तरह की स्टंटबाजी को लेकर लोगों में चर्चा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी भी जंगली या जहरीले जीव के साथ इस तरह का जोखिम उठाना जानलेवा साबित हो सकता है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *