आज की ताजा खबर

फजलगंज पुलिस ने शातिर बाइक चोर को दबोचा, आठ दोपहिया वाहन बरामद

top-news

चोरी की 7 बाइक और एक स्कूटी बरामद, फजलगंज-नजीराबाद और जूही क्षेत्र से चोरी का खुलासा

संजीव शुक्ला

कानपुर नगर। फजलगंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल आठ दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में फजलगंज, नजीराबाद और जूही थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए वाहन शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को रेलवे कॉलोनी फजलगंज स्थित बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर बाइक के संबंध में पूछताछ की। जांच में बाइक फजलगंज थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई।


सख्ती से पूछताछ में खुला चोरी का राज

पुलिस ने संदिग्ध से सख्ती से पूछताछ की तो उसकी पहचान छोटू बाघमार उर्फ अर्जुन उर्फ राजू पुत्र सुरेश बाघमार, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी संगम टॉकीज के पास रेलवे लाइन, थाना फजलगंज, कानपुर नगर के रूप में हुई। मूल रूप से वह ग्राम उमरी, थाना विवार, तहसील मौदहा, जनपद हमीरपुर का रहने वाला बताया गया है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रेलवे कॉलोनी स्थित बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय से छह अन्य मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की। इस तरह पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल आठ चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए।

बरामद वाहनों के संबंध में फजलगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 120/26 और 118/26 तथा नजीराबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 102/26, 104/26 और 111/26 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के संबंध में आगे भी जांच की जा रही है।

नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नशे की लत है और नशे की पूर्ति के लिए वह वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी किए गए वाहनों को ठिकाने लगाने और उनसे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नशे के लिए किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, चोरी और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कानपुर नगर के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और बरामद वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई से वाहन चोरी का खुलासा

फजलगंज पुलिस के मुताबिक आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाहन चोरी की घटनाओं में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

इस कार्रवाई में थाना फजलगंज के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उमाकान्त, पवन प्रताप, सूर्यदेव चौधरी, पंकज कुमार, संजय कुमार मौर्य, विवेक कुमार, अजय कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/ud5G2tVmRT4

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *