आज की ताजा खबर

दो महीने से जिओ और वियो टावर फेल, दर्जनों गांवों में नेटवर्क ठप, उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

top-news

जमुनहा -श्रावस्ती। तहसील जमुनहा क्षेत्र के ग्राम जैता जानकीनगर में लगे जिओ और वियो (वोडाफोन आइडिया) के मोबाइल टावरों का नेटवर्क करीब दो महीने से ठप होने से आसपास के दर्जनों गांवों के उपभोक्ता परेशान हैं।

लंबे समय से नेटवर्क की समस्या दूर न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने टावर परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।


ग्रामीणों के मुताबिक जैता जानकीनगर में लगे टावरों के करीब एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले चनैनी, चमरपुरवा, माल्ही चौराहा समेत कई गांवों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि महंगे रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें अपेक्षित मोबाइल सेवा नहीं मिल पा रही है। कॉल लगते ही कट जाना, बातचीत के दौरान आवाज गायब हो जाना और इंटरनेट सेवा का बिल्कुल काम न करना आम समस्या बन गई है।

नेटवर्क की खराबी का सबसे अधिक असर छात्रों और जरूरी सेवाओं पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छात्र ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस, परिजनों और अन्य जरूरी लोगों से संपर्क करने में भी परेशानी होती है।

लगातार बनी नेटवर्क समस्या से नाराज ग्रामीणों ने टावर पर एकत्र होकर विरोध जताया और जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

ग्रामीणों ने दोनों टावरों की तकनीकी जांच कराकर नेटवर्क समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।विरोध प्रदर्शन में तुफैल अहमद, साबित राम, सैफू खान, मुख्तियार खान, रियाज, रमेश, कमलेश, राजू, शत्रोहन, कंधई, मुकर्रम, अच्छन, महफूज, हांगनु, तुलसी राम, नूरूस्सलाम, सद्दाम, इब्राहिम, उस्मान, आमिर, बुद्धसागर, सिराज, सांजू, मैनुद्दीन, हसीब समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *