आज की ताजा खबर

रात के अंधेरे में जेसीबी से ध्वस्त किया चाय का होटल

top-news

पीड़ित ने व्यापारी पिता व दो पुत्रों के खिलाफ दी तहरीर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच

आरिफ सिद्दीकी मनोज प्रबल

तिलहर, शाहजहांपुर। पोटरगंज स्थित पुरानी गल्ला मंडी में घास मंडी के समीप छप्पर डालकर संचालित किए जा रहे चाय के होटल को रात के अंधेरे में जेसीबी से ध्वस्त किए जाने का मामला सामने आया है।

दुकान संचालक ने एक व्यापारी और उसके दो पुत्रों पर दुकान ध्वस्त कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। समाचार भेजे जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।


नगर के मोहल्ला दातागंज निवासी दिनेश रस्तोगी उर्फ बल्लू पुत्र स्वर्गीय मथुरा प्रसाद रस्तोगी के अनुसार उनके बड़े भाई राकेश रस्तोगी के नाम पोटरगंज पुरानी गल्ला मंडी में घास मंडी के समीप करीब 20×20 फीट जगह अप्रैल 1972 से पालिका द्वारा आवंटित है।

इसी स्थान पर दीवारें खड़ी कर छप्पर डालकर दिनेश रस्तोगी चाय की दुकान चलाते थे। इसी दुकान से उनकी रोजी-रोटी चलती थी।

दिनेश के मुताबिक शुक्रवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि रात के दौरान जेसीबी मशीन से उनकी दुकान को ध्वस्त कर दिया गया है। सूचना मिलते ही वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान पूरी तरह ध्वस्त देखकर परिवार के लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।

पीड़ित ने बताया कि उनका एक पैर हाथी पांव रोग से प्रभावित है, जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी होती है। ऐसे में चाय की दुकान ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा थी। दुकान को ध्वस्त देखकर पीड़ित और उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पीड़ित ने थाना समाधान दिवस में नायब तहसीलदार निवेदिता ठाकुर को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की। कोतवाल प्रभाष चंद्र के निर्देश पर बिरियागंज चौकी प्रभारी रमेश कुमार वर्मा तथा कांस्टेबल अनिल कलियान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

कोतवाल प्रभाष चंद्र ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समाचार भेजे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।

वहीं दिनेश रस्तोगी ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की है। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *