आज की ताजा खबर

नासिक में ब्रह्म समाज एसोसिएशन की मासिक सभा आयोजित, संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

top-news

नासिक। ब्रह्म समाज एसोसिएशन, नासिक की अगस्त माह की मासिक सभा शनिवार को नासिक रोड स्थित रमा कोचिंग सेंटर में आयोजित की गई। सुबह 10:45 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली सभा की शुरुआत हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुई। नासिक के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाज के सदस्यों ने सभा में सहभागिता की, जिनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।

सभा में ब्रह्म समाज एसोसिएशन के विजन और मिशन पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के उपाध्यक्ष श्री आरएन अवस्थी ने समाज के उद्देश्यों और संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।


उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम पांच नए सदस्यों को संगठन से जोड़े, जिससे एसोसिएशन का विस्तार और प्रभाव दोनों बढ़ाया जा सके।

जनरल सेक्रेटरी श्री उत्तम नारायण मिश्रा ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक में शामिल होने के लिए आभार जताया। उन्होंने पिछली बैठक के मिनट्स पढ़कर सदस्यों को अवगत कराया। इसके बाद संगठन के कोषाध्यक्ष श्री मेरु गोसाई ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।

पूर्व प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय नासिक श्री अनिल कुमार दीक्षित ने संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और सभी सदस्यों से मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया। कर्नल एमएल शर्मा ने संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं श्री सुबोध मिश्रा ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन की मजबूती को लेकर सुझाव दिए। श्री हरीश तिवारी ने संगठन के उत्थान और सभी सदस्यों के साथ मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।

हरियाली तीज पर होगा मिलन समारोह

बैठक में श्रावण माह के दौरान कीर्तन-भजन कार्यक्रम आयोजित करने, नए सदस्यों का स्वागत करने तथा ब्रह्म समाज एसोसिएशन नासिक से जुड़ी महिलाओं को सुहाग सामग्री वितरित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा समाज के सदस्यों और उनके परिवारों को एक साथ जोड़ने तथा आपसी मेलजोल बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

सभा में आगामी 6 सितंबर 2026 को शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक मोती मंगल कार्यालय के हॉल में मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम को हरियाली तीज के रूप में मनाया जाएगा। इसमें समाज के सदस्यों और उनके परिवारों की सहभागिता रहेगी। कीर्तन-भजन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पारिवारिक एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

अंत में ब्रह्म समाज एसोसिएशन नासिक के अध्यक्ष श्री जेपीएन पाठक ने सदस्यों के सवालों का जवाब दिया और धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी सदस्यों का बैठक में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। सभा के बाद सभी सदस्यों ने जलपान किया और सामूहिक ग्रुप फोटो खिंचवाई।

कार्यक्रम का समापन 'जय परशुराम' के जयघोष के साथ हुआ, जिसके बाद सभी सदस्य अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *