आज की ताजा खबर

सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिले पूर्व भाजपा नेता डॉ. रत्नेश गंगवार, बीसलपुर में नए राजनीतिक समीकरण के संकेत

top-news

 लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में हुई हाई-प्रोफाइल मुलाकात, तस्वीरें सामने आते ही सियासी पारे में उछाल

क्षेत्रीय विकास और किसानों-युवाओं के मुद्दों पर हुई लंबी चर्चा, जल्द सपा का दामन थामने की अटकलें तेज

शोएब खान 

बीसलपुर-पीलीभीत। 130 विधानसभा क्षेत्र बीसलपुर की राजनीति में उस वक्त बड़ा सियासी भूचाल आ गया, जब पूर्व भाजपा नेता डॉ. रत्नेश गंगवार ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस हाई-प्रोफाइल बैठक की तस्वीरें सामने आते ही क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डॉ. रत्नेश गंगवार का जल्द ही औपचारिक रूप से समाजवादी पार्टी में शामिल होना लगभग तय है।

सांसदों से मुलाकातों और वॉल पेंटिंग से पहले ही मिले थे संकेत

बीसलपुर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से कराई जा रही वॉल पेंटिंग और इससे पूर्व बदायूं से सपा सांसद आदित्य यादव व सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ हुई बैठकों के बाद इस मुलाकात को बेहद निर्णायक माना जा रहा है। लखनऊ में हुई इस बैठक के बाद से ही क्षेत्र में कयासबाज़ी का दौर चरम पर पहुँच गया है।


जनमुद्दों और क्षेत्रीय विकास पर हुई विस्तृत वार्ता

मुलाकात के दौरान डॉ. रत्नेश गंगवार ने बीसलपुर के सर्वांगीण विकास, किसानों की ज्वलंत समस्याओं, युवाओं के रोजगार और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सपा प्रमुख के साथ विस्तार से चर्चा की।

भाजपा कैडर वोट में सेंध के आसार, विरोधियों की रणनीतियों पर फिरा पानी

बीसलपुर में लंबे समय से समाजवादी पार्टी को एक मजबूत जनाधार वाले और सक्रिय चेहरे की तलाश थी। डॉ. गंगवार का क्षेत्र में अपना एक बड़ा समर्थक नेटवर्क और मजबूत पकड़ है। उनके सपा से जुड़ने से जहां स्थानीय संगठन को मजबूती मिलेगी, वहीं भाजपा के पारंपरिक और कैडर वोटों में सीधे तौर पर सेंध लग सकती है। इस नए घटनाक्रम के बाद विरोधी खेमों के सियासी समीकरण गड़बड़ा गए हैं और आगामी चुनाव के दावेदार अपनी रणनीतियों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर हो गए हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *