आज की ताजा खबर

राष्ट्रगान के अपमान के आरोप में कांग्रेस ने थाने का किया घेराव

top-news

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग

शाहजहांपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान के संयुक्त नेतृत्व में थाना सदर बाजार का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम स्थल से चले जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को तहरीर भी सौंपी। इससे पहले कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी द्वारा वंदे मातरम् का अपमान किए जाने का भाजपा की ओर से गलत प्रचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने केवल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी लाने का इशारा किया था। रजनीश गुप्ता ने कहा कि अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे सतीश महाना का राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम स्थल से जाने का वीडियो सामने आया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा अपने नेता से भी माफी की मांग करेगी। महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान ने कहा कि राष्ट्रगान पूरे देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल से जाने की घटना ने संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया कि उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामने आए वीडियो और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही कार्यक्रम के आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कर यह पता लगाया जाए कि राष्ट्रगान के दौरान वास्तव में क्या हुआ। कांग्रेस ने जांच में कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष तस्नीम अली खान, पीसीसी सदस्य कृष्ण विनोद मिश्रा, गायत्री प्रकाश अवस्थी, फैजान अली खान, अनूप वर्मा, फरीद अली खान, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, प्रोफेसर जाने आलम, रफी उल हसन, सईद अंसारी, परवेज अहमद, इकबाल अंसारी, लक्ष्मीकांत मिश्रा, संजय सक्सेना, महेंद्र त्रिपाठी, इकरार अहमद, नूरे सहर बी, आशा शुक्ला, यूसुफ अली खान और सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *