आज की ताजा खबर

क्रिकेट कोच की बहन खुशी ने कुश्ती में जीता गोल्ड मेडल

top-news

हरिद्वार में आयोजित ग्रेपलिंग नेशनल चौंपियनशिप में 64 किलो भार वर्ग में हासिल की सफलता

पुवायां-शाहजहांपुर। नगर के मारवा मॉडर्न स्कूल में संचालित चौधरी क्रिकेट अकादमी के मुख्य कोच अमित चौधरी की बहन खुशी चौधरी ने हरिद्वार में आयोजित ग्रेपलिंग नेशनल चौंपियनशिप में 64 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया।

खुशी चौधरी इससे पहले भी जनपद गोंडा में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। बताया गया कि खुशी पिछले कई वर्षों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। खुशी तिलहर तहसील के जैतीपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव नवादा मोड़ अगरौली की रहने वाली हैं।

वह पिछले करीब छह वर्षों से सोनीपत में रहकर कोच राजेश से कुश्ती की बारीकियां सीख रही हैं। खेल के प्रति उनकी मेहनत और लगन का नतीजा है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।

खुशी के पिता रामपाल चौधरी कृषि कार्य करते हैं, जबकि माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। पिता ने बेटी की सफलता का श्रेय उसके कोच और उसकी मेहनत व लगन को दिया।

बेटी की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने फोन के माध्यम से खुशी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *