आज की ताजा खबर

सावन के अंतिम सोमवार पर मोहम्मदी रोड पर लगा फलाहार व जूस भंडारा

top-news

डीपीएस राठौर ने किया शुभारंभ,कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को बांटा फल व जूस

शाहजहांपुर। सावन माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर सहकारिता विभाग की ओर से मोहम्मदी रोड पर विशाल फलाहार एवं जूस भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर और सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता डॉ. गणेश गुप्ता ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना और आरती कर किया।

भंडारे में मोहम्मदी रोड से गुजरने वाले कांवड़ियों, शिव भक्तों और आम राहगीरों को ताजे फल एवं जूस वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंचकर फलाहार और जूस ग्रहण किया। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित फलाहार और जूस भंडारा ‘सहकार से सेवा’ का उदाहरण है।

सावन का महीना भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है। सहकारिता केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक डॉ. गणेश गुप्ता ने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए इस मार्ग से गुजरते हैं।

ऐसे में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान ताजगी और ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भंडारे का आयोजन किया गया। दिनभर चले भंडारे में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं मौजूद रहकर प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने फलाहार और ठंडा जूस ग्रहण किया तथा आयोजन की सराहना की।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख मिर्जापुर प्रियांशु रघुवंशी, एडीसीओ बैंकिंग हरिकेश परमार, आनंद श्रीवास्तव, ओमप्रकाश मौर्य, शिवरतन लाल, संजय सिंह, राजेश कुशवाहा, ओमवीर यादव, कुलदीप सिंह, यशवीर चौधरी, राकेश कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, अमित मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *