आज की ताजा खबर

राष्ट्रगान के अपमान का आरोप: विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस को दी तहरीर

top-news

उन्नाव में कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के समय चले जाने का वीडियो वायरल होने पर भड़के कांग्रेसी

सुनगढ़ी तिराहे से नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे कार्यकर्ता, जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

शोएब खान

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सुनगढ़ी थाने पर प्रदर्शन किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा और शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुनगढ़ी तिराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे।

कार्यकर्ताओं ने सतीश महाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी।


कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि उन्नाव में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के गायन के समय सतीश महाना के कार्यक्रम से चले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इससे राष्ट्रगान का अपमान हुआ और लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

थाने में प्रभारी निरीक्षक के मौजूद न होने पर उपनिरीक्षक नागेंद्र कौशिक ने कांग्रेस नेताओं से वार्ता की।


कांग्रेस नेताओं ने तहरीर की रिसीविंग देने की मांग की। इसके बाद उपनिरीक्षक ने थाना प्रभारी नरेश चंद्र त्यागी से फोन पर वार्ता की और तहरीर लेकर उसकी रिसीविंग दी।

पुलिस ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

तहरीर में वायरल वीडियो के साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेने, प्रत्यक्षदर्शियों और आयोजकों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कराने की मांग की गई है।

प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य अनवर अनीस, यूसुफ मलिक, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप गंगवार, छात्र कांग्रेस अध्यक्ष राजेश वर्मा, हेमंत मिश्रा, इश्तियाक अहमद, मोहम्मद अजीम, नसीम जहां, शादाब, रागिब मलिक, गौरव शर्मा, रफीक अहमद, मोहम्मद कासिम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *