आज की ताजा खबर

उरुवा के गौरजीतपुर में बृहद गौशाला निर्माण का हुआ भूमिपूजन

top-news

 गोरखपुर ।  जनपद के उरुवा ब्लॉक अंतर्गत गौर जीतपुर गांव में सोमवार को प्रस्तावित बृहद गौशाला के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। करीब एक वर्ष पूर्व भी यहां गौशाला निर्माण के लिए भूमि पूजन हुआ था। अब परियोजना को व्यापक स्वरूप देने की योजना के तहत पुनः भूमि पूजन कर निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

प्रस्तावित बृहद गौशाला को महज गोवंश संरक्षण केंद्र तक सीमित न रखकर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ विकसित किए जाने की योजना है। परियोजना में गोवंश संरक्षण के अलावा कई अन्य प्रोजेक्टों को भी शामिल किए जाने की तैयारी है।

परियोजना की लागत, निर्माण क्षेत्रफल, गोवंश संरक्षण की क्षमता और प्रस्तावित अन्य परियोजनाओं का स्वरूप आगे की कार्ययोजना में स्पष्ट होगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जुगनू दुबे, खंड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, ग्राम प्रधान कुमारी देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार यादव, प्रधान सहायिका अनुराधा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

खंड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बृहद गौशाला को बेहतर सुविधाओं और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ विकसित करने की योजना है। परियोजना को व्यवस्थित एवं उपयोगी स्वरूप देने पर विशेष जोर रहेगा।

ब्लॉक प्रमुख जुगनू दुबे ने कहा कि बृहद गौशाला का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल है। शासन की मंशा के अनुरूप गोवंश संरक्षण और बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार यादव ने कहा कि गांव में बृहद गौशाला की स्थापना के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। अब परियोजना को आगे बढ़ते देख ग्रामीणों में भी उत्साह है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रस्तावित योजना के अनुरूप गौशाला का विकास होता है तो इससे गोवंश संरक्षण के साथ क्षेत्र में एक बेहतर और उपयोगी मॉडल तैयार हो सकता है। अब लोगों की नजर परियोजना के विस्तृत स्वरूप और निर्माण कार्य की आगामी प्रक्रिया पर है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *