आज की ताजा खबर

गोलेश्वर महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक, फूलों से सजा शिव दरबार

top-news

सावन के अंतिम सोमवार पर भक्तों ने किए भोलेनाथ के दर्शन, आरती के बाद बांटा गया प्रसाद

अरविन्द पाण्डेय 

कानपुर। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर हटिया स्थित रज्जन बाबू पार्क में श्री गोलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। दोपहर में विद्वान पंडितों ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का दूध, शक्कर, दही, शहद और गंगाजल से अभिषेक कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भगवान शिव के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

अभिषेक के बाद भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर को विभिन्न प्रकार के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के साथ शिव-पार्वती, पशुपतिनाथ और अर्धनारीश्वर स्वरूप के दर्शन किए। इसके अलावा मंदिर में स्थापित लड्डू गोपाल के भी भक्तों ने दर्शन किए।


सांसद समेत जनप्रतिनिधियों ने की आरती

विशेष पूजन के बाद भगवान गौरीशंकर की आरती आयोजित की गई। आरती में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, भाजपा एमएलसी सलील विश्नोई, क्षेत्रीय विधायक अमिताभ बाजपेयी, भाजपा नेता सुरेश अवस्थी तथा संस्था के संरक्षक मूलचंद सेठ समेत अन्य लोगों ने सहभागिता की।

आरती के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

आयोजन की व्यवस्था में ज्ञानेंद्र विश्नोई, विनय सिंह, संतोष बाजपेयी, दीपक गुप्ता, रोहित बाजपेयी, ऋषि तिवारी और सुशील सिंह समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा। आयोजन के दौरान मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन किया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *