आज की ताजा खबर

पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार; लाखों के आभूषण और नकदी बरामद

top-news

अखंडनगर में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में विपिन निषाद के पैर में लगी गोली

चोरी और नकबजनी की कई वारदातों का खुलासा, तमंचा-कारतूस और बाइक भी बरामद

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के आभूषण, 18,100 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।


उमरी स्कूल के पास हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक सोमवार को थाना अखंडनगर पुलिस टीम चोरी और नकबजनी की घटनाओं से जुड़े आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध उमरी स्कूल के पास मौजूद हैं।

पुलिस टीम ने करीब रात 1:15 बजे मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विपिन निषाद गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी अखंडनगर भेजा गया।

पुलिस ने मौके से नागेंद्र उर्फ बबलू और नीरज को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना अखंडनगर में मुठभेड़ और अवैध हथियार से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

तीनों आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन निषाद उर्फ हाईलैंड पुत्र रामदेव निषाद निवासी दामोदरपुर, थाना कादीपुर, उम्र करीब 24 वर्ष, नागेंद्र उर्फ बबलू पुत्र लालता प्रसाद निवासी मझगवां, थाना कादीपुर, उम्र करीब 25 वर्ष और नीरज पुत्र आशाराम निवासी अलीपुर कांपा, थाना अखंडनगर, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।

चोरी के आभूषण और नकदी बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपी विपिन निषाद के कब्जे से एक ज्वैलरी पैकेट में पीली धातु की एक चेन, एक मांगटीका और दो अंगूठियां तथा 7,000 रुपये नकद बरामद हुए।

नागेंद्र उर्फ बबलू के पास से 11 चांदी के सिक्के बरामद किए गए, जिनमें 10 बड़े और एक छोटा सिक्का बताया गया है। उसके पास से 5,500 रुपये नकद भी मिले।

वहीं आरोपी नीरज के पास से ज्वैलरी बैग में दो बड़े कंगन, चार जोड़ी बच्चों के कंगन, 10 जोड़ी बिछिया, एक छोटा कंगन, 27 पायल और अन्य चांदी के आभूषण बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। उसके पास से 5,600 रुपये नकद भी बरामद हुए।

इसके अलावा विपिन निषाद के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल संख्या UP 45 BA 9725 को पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।


ऐसे देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम

पुलिस के अनुसार आरोपी बंद या सूने मकानों और दुकानों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर ताला या खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश करते और नकदी, आभूषण तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस का दावा है कि इसी तरीके से आरोपियों ने सुलतानपुर के अखंडनगर, चांदा और दोस्तपुर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। विपिन निषाद के खिलाफ कादीपुर और दोस्तपुर थानों में कई मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं नागेंद्र और नीरज के खिलाफ भी अखंडनगर, चांदा और दोस्तपुर थानों में चोरी व नकबजनी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

कई घटनाओं का खुलासा करने का दावा

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का संबंध थाना अखंडनगर के मुकदमा संख्या 206/2026 और 190/2026, थाना चांदा के मुकदमा संख्या 226/2026 तथा थाना दोस्तपुर के मुकदमा संख्या 145/2026 से भी सामने आया है। इन मुकदमों में चोरी और नकबजनी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कन्हैया कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल मौर्या, हेड कांस्टेबल राकेश राजपूत, कांस्टेबल विशाल यादव, रिजर्व कांस्टेबल विकास सक्सेना, रिजर्व कांस्टेबल अनूप कुमार यादव, कांस्टेबल भरत कुमार और कांस्टेबल संजय कुमार शामिल रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *