आज की ताजा खबर

दो बच्चों की माँ का संदिग्ध शव फंदे से लटका मिला, कोहराम!,दो साल पहले हुई थी पति की मौत, पुलिस जाँच में जुटी।

top-news

सण्डवा चंद्रिका-प्रतापगढ़। जनपद के अंतू थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराय उगई नेवादा गाँव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ एक 28 वर्षीय विधवा महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला।

महिला दो मासूम बच्चों की माँ थी और उसके पति की मौत पहले ही हो चुकी थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है।

मृतका की पहचान फातिमा बानो (28), पत्नी स्वर्गीय साबिर के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, फातिमा की शादी करीब आठ वर्ष पहले साबिर के साथ हुई थी। उनका वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन लगभग दो वर्ष पहले किस्मत ने दगा दे दिया और बीमारी के चलते साबिर की मृत्यु हो गई।

पति की मृत्यु के बाद से फातिमा अपने दोनों बच्चों, छह वर्षीय अवीवा और चार वर्षीय माही के साथ परिवार में रह रही थी। बताया गया है कि वह अपने जेठ सोहराब अली और जेठानी के साथ एक ही घर में रह रही थी। सोमवार सुबह जब परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

उन्होंने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अंतू पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी है, जो रायबरेली जिले के सलोन क्षेत्र के अंतर्गत थाना परसदेपुर के पदमपुर में रहते हैं।

इस दुखद घटना के बाद से फातिमा के दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। माँ के चले जाने से उनके सिर से साया पूरी तरह उठ गया है। जेठ सोहराब अली और परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं और घटना के कारणों को लेकर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।

अंतू थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जाँच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *