आज की ताजा खबर

भीलमपुर में दबंगों के कब्जे से कब आजाद होगा खेल का मैदान?,रास्ते पर भी जमाया कब्जा, मौन खड़ा प्रशासन।

top-news

नौनिहालों के भविष्य और खेल पर दबंगई का ताला,शिकायत के बाद भी सो रही तहसील सदर की राजस्व टीम।

प्रतापगढ़। तहसील सदर के ग्राम पंचायत बहलोलपुर स्थित ग्राम भीलमपुर में सरकारी जमीनों पर दबंगों का अवैध कब्जा और प्रशासनिक अनदेखी चरम पर है। गांव के बच्चों के खेलने के लिए दर्ज खेल के मैदान से लेकर प्राथमिक विद्यालय जाने वाले मुख्य रास्ते पर गांव के ही दबंगों ने खुलेआम कब्जा जमा रखा है।

तहसील प्रशासन की लाचारगी का आलम यह है कि सरकारी अभिलेखों में साफ-साफ दर्ज होने के बावजूद आज तक इस कीमती सरकारी भूमि को खाली कराने के लिए कोई बुलडोजर या राजस्व टीम मौके पर नहीं पहुंची।

आरोप है कि गांव के सरकारी अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 122 पर खेल का मैदान दर्ज है, जबकि गाटा संख्या 120 ख पर मुख्य रास्ता, 123 ख पर विद्यालय की भूमि, 121 पर नवीन परती और 119 पर खलिहान दर्ज है। आरोप है कि दबंगों ने इन सभी सरकारी भूखंडों को अपनी निजी संपत्ति बनाकर कब्जा कर लिया है।

सबसे बदतर स्थिति प्राथमिक विद्यालय बहलोलपुर को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते (गाटा संख्या 120 ख) की है, जो आज तक कच्चा पड़ा हुआ है। बरसात के दिनों में रास्ते पर जलभराव और भारी कीचड़ होने के कारण रोज स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे मासूम बच्चे और ग्रामीण गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि जब भी परेशान ग्रामीण जनहित में स्वयं मिट्टी डालकर रास्ते को चलने योग्य बनाने की कोशिश करते हैं, तो दबंग लाठी-डंडे के बल पर काम रुकवा देते हैं और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं। प्रशासन की इस ढुलमुल और गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल (संदर्भ संख्या-40017326040609) के जरिए जिलाधिकारी प्रतापगढ़ को शिकायती पत्र भेजा है।

ग्रामीणों ने प्राथमिकता के आधार पर खेल के मैदान (गाटा सं.-122) व रास्ते की जमीन को तुरंत पैमाइश कराकर कब्जामुक्त कराने, रास्ते का पक्का निर्माण कराने और दबंगों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही दबंगों पर कार्रवाई कर जमीन खाली नहीं कराई, तो वे तहसील परिसर में धरना देने को बाध्य होंगे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *