आज की ताजा खबर

जर्जर दीवार गिरने से टीन शेड में सो रहे परिवार के पांच लोग दबे

top-news

आधी रात को भरभराकर गिरी पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार, चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव

पुलिस और फायर कर्मियों ने मलबा हटाकर सभी को निकाला, घायल धीरेंद्र सिंह सेंगर को किया गया रेफर

 रोहित अवस्थी
औरैया
 । औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के छीतापुर गांव में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में टीन शेड के नीचे सो रहे एक ही परिवार के पांच लोग पड़ोसी के कच्चे मकान की जर्जर दीवार गिरने से मलबे में दब गए। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकाला।


छीतापुर निवासी धीरेंद्र सिंह सेंगर सोमवार रात अपनी पत्नी प्रीति, बेटियों आरती व अंकिता और बेटे अंकुश के साथ आंगन में टीन शेड के नीचे सो रहे थे। रात करीब सवा 12 बजे पड़ोसी के एक मंजिला कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर टीन शेड पर जा गिरी। दीवार के मलबे में धीरेंद्र सिंह समेत परिवार के पांचों सदस्य दब गए।

हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर बाहर बने कमरे में सो रहे धीरेंद्र के बड़े भाई विपिन और उनकी पत्नी पूजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया और मलबा हटाने का प्रयास शुरू कर पुलिस को सूचना दी।

कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार, कोतवाल विनोद राजपूत, पुलिसकर्मी विकास यादव व सुंदर तथा फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फायर कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मलबा हटाया और उसमें दबे पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने धीरेंद्र सिंह सेंगर की हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया।

पहले भी गिर चुकी थीं दीवार की ईंटें

हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने पड़ोसी के मकान की जर्जर दीवार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि दीवार की हालत काफी समय से खराब थी और उसे हटाने के लिए संबंधित लोगों से कई बार कहा गया था। उनका दावा है कि दो दिन पहले भी दीवार से कुछ ईंटें गिर चुकी थीं। उस समय भी मकान के बाहर रहने वाले लोगों को इसकी जर्जर स्थिति की जानकारी दी गई थी, लेकिन दीवार को हटाया नहीं गया।

राहत के लिए जांच के बाद होगी कार्रवाई

राजस्व लेखपाल अमित तिवारी के साथ सीएचसी पहुंचे नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर शासनादेश के तहत पीड़ित परिवार को अनुमन्य राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ मनोज गंगवार ने भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/w6z7Djb0FSM

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *