आज की ताजा खबर

राष्ट्रगान के कथित अनादर को लेकर कांग्रेस ने पुलिस से की शिकायत, जांच की मांग

top-news

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के वायरल वीडियो का हवाला देकर फॉरेंसिक जांच कराने की मांग

कांग्रेस ने पुष्टि होने पर राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग उठाई

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के एक कथित वायरल वीडियो को लेकर कानपुर में कांग्रेस ने पुलिस से शिकायत कर जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर ग्रामीण और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खेलकूद प्रकोष्ठ की ओर से पुलिस उपायुक्त पश्चिम, कानपुर नगर कमिश्नरेट को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि 22 अगस्त को उन्नाव दौरे के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर के समय विधानसभा अध्यक्ष राष्ट्रगान पूरा होने से पहले वहां से चले गए।

कांग्रेस नेताओं ने शिकायत में वायरल वीडियो का हवाला देते हुए पूरे मामले की सत्यता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से राष्ट्रगान के प्रति विशेष सम्मान और संवैधानिक मर्यादा की अपेक्षा होती है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कथित घटना से संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।


वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग

शिकायत में कांग्रेस की ओर से वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराने और उसकी प्रमाणिकता स्थापित करने की मांग की गई है। नेताओं ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में राष्ट्रगान के दौरान क्या हुआ था।

कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि यदि जांच में राष्ट्रगान के दौरान स्थल छोड़ने की पुष्टि होती है तो संबंधित कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। शिकायत में इस घटना की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश के राज्यपाल और राष्ट्रपति को भेजने की मांग भी की गई है।


निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि राष्ट्रगान देश के सम्मान और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा विषय है, इसलिए शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *