आज की ताजा खबर

महंगाई और बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ माकपा का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

top-news

कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, जरूरी वस्तुओं के बढ़ते दामों पर जताई नाराजगी

जिला कमेटी ने कहा- महंगाई से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर कानपुर में बढ़ती महंगाई और बिजली की दरों में वृद्धि के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान माकपा के जिला सचिव उमाकांत विश्वकर्मा ने कहा कि महंगाई के कारण आम नागरिकों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने और सरकार की नीतियों के चलते खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसका सबसे अधिक असर गरीब, मध्यम वर्ग और दिहाड़ी मजदूर परिवारों पर पड़ रहा है।

जरूरी सामान की बढ़ती कीमतों पर जताई चिंता

पार्टी नेताओं ने कहा कि दाल, आटा, मसाले, चीनी और खाद्य तेल समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि सीमित आय वाले परिवारों के सामने घर का खर्च चलाना चुनौती बनता जा रहा है।

माकपा नेताओं ने बिजली की बढ़ी दरों को लेकर भी विरोध जताया। उन्होंने सरकार से आम उपभोक्ताओं को राहत देने और बिजली की दरों में की गई बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करने की मांग की।

सरकार पर वादों से पीछे हटने का आरोप

जिला सचिव उमाकांत विश्वकर्मा ने केंद्र सरकार पर महंगाई कम करने के चुनावी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम जनता आज भी महंगाई की मार झेल रही है और सरकार को इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन के बाद पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। इसमें महंगाई पर नियंत्रण, बिजली उपभोक्ताओं को राहत और आम जनता से जुड़े अन्य मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता सईद नकवी, उमाकांत विश्वकर्मा, मो. वशी, गोविंद नारायण, जुन मनपुरी, एडवोकेट देवचंद्र, नरेंद्र शर्मा, राजीव नकवी समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *