आज की ताजा खबर

शराब की दुकान के सेल्समैन पर फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

top-news

बरौसा चौराहे पर पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने ट्यूबवेल के पास से दबोचा

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया, कोर्ट में पेश कर भेजा गया न्यायिक हिरासत में

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर सुलतानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में शराब की दुकान के सेल्समैन पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त की रात बरौसा चौराहे स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सेल्समैन शिवम जायसवाल पर कथित तौर पर फायरिंग की गई थी। मामले में जयसिंहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 2:14 बजे पतुरियो मोड़ स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास से अंकित मिश्रा और धीरेन्द्र यादव को हिरासत में लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।


पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही 32 बोर की एक देशी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस मामले में फायरिंग की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित मिश्रा पुत्र विपिन मिश्रा उर्फ बब्बा उर्फ बब्बन मिश्रा निवासी नानेमऊ, थाना मोतिगरपुर, सुलतानपुर और धीरेन्द्र यादव पुत्र सियाराम यादव निवासी पचगवा, थाना हैदरगंज, अयोध्या के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक अंकित मिश्रा के खिलाफ सुलतानपुर के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कोतवाली नगर, मोतिगरपुर, गोसाईंगंज और कोतवाली देहात थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

वहीं धीरेन्द्र यादव के खिलाफ भी सुलतानपुर के मोतिगरपुर और कोतवाली देहात थानों में मारपीट, एससी-एसटी एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास और साजिश से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार राय, उपनिरीक्षक गुलाब चंद्र पाल, उपनिरीक्षक नफीसउद्दीन खां, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा, कांस्टेबल अभिषेक प्रताप सिंह और कांस्टेबल देवेंद्र कुमार शामिल रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *