आज की ताजा खबर

राज्य महिला आयोग की सदस्य ने किया जनपद भ्रमण

top-news

महिला सशक्तिकरण, जनसुनवाई एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ की सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी  द्वारा जनपद कुशीनगर का भ्रमण कर महिला सशक्तिकरण, महिला एवं बाल कल्याण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कप्तानगंज, तहसील कप्तानगंज, ग्राम सुधियानी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जगदीशपुर का निरीक्षण एवं भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नवजात कन्याओं का मनाया गया जन्मोत्सव

 सदस्य द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कप्तानगंज के मीटिंग हॉल में आयोजित नवजात कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर नवजात कन्याओं का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया तथा उन्हें बेबी किट प्रदान की गई। साथ ही उनके परिजनों को शॉल, मिष्ठान एवं डॉल आदि सामग्री देकर सम्मानित किया गया।

मा० सदस्य ने कहा कि बेटियां परिवार एवं समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाकर समाज में सकारात्मक संदेश देने की आवश्यकता है। इसके पश्चात सदस्य द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कप्तानगंज की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने दवा वितरण कक्ष, एक्स-रे रूम, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसव वार्ड एवं शौचालय का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने तथा स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी को शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शौचालय में साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। ओपीडी में मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं न लिखे जाने के संबंध में चिकित्सकों को कड़ी हिदायत देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।


महिला जनसुनवाई में 28 प्रकरण प्रस्तुत, 08 का मौके पर निस्तारण

 तहसील सभागार कप्तानगंज में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में कुल 28 प्रकरण सदस्य के समक्ष प्रस्तुत हुए। इनमें से 08 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 20 प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर निर्धारित समयावधि में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरतापूर्वक सुना जाए और पात्र महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाते हुए उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही ग्राम सुधियानी में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में  सदस्य ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा नवजात शिशु का अन्नप्राशन कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली।महिलाओं द्वारा मनरेगा, पेंशन एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं सामने रखे जाने पर मा० सदस्य ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही कराते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से किया बाल संवाद 

इसके बाद मा० सदस्य द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जगदीशपुर, कुशीनगर में उपस्थित छात्राओं के साथ बाल संवाद किया गया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य एवं विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। सदस्य ने छात्राओं के साथ भोजन भी किया तथा विद्यालय परिसर में छात्राओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और बालिकाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर ही महिला सशक्तिकरण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी कप्तानगंज श्रीमती आकांक्षा मिश्रा, तहसीलदार चंदन शर्मा, खंड विकास अधिकारी कप्तानगंज  अमरनाथ पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, थाना प्रभारी कप्तानगंज  विवेक पांडेय, महिला थाना प्रभारी श्रीमती चंदा यादव, पूर्ति निरीक्षक कप्तानगंज  जितेंद्र कुमार सिन्हा, राजस्व निरीक्षक श्री राधेश्याम,  कौशलेंद्र प्रताप सिंह, जिला मैनेजर  विनय पांडेय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती प्रीति सिंह, श्रीमती वंदना कुशवाहा,  अमन मिश्रा (H.E.W.),  राजू कुमार, श्री ऋषिकेश सिंह (CPS), प्रधानाचार्य, वार्डन श्रीमती पूनम, MOIC  सूर्यभान कुशवाहा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *