आज की ताजा खबर

सुलतानपुर पहुंचे खाद्य रसद मंत्री मनोज पाण्डेय, 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर का ऐलान

top-news

बुजुर्ग महिलाएं वोटर आईडी या आधार कार्ड दिखाकर कर सकेंगी निशुल्क यात्रा, राशन की दुकानों पर बैठने और ठंडे पानी की भी होगी व्यवस्था

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पाण्डेय बुधवार को सुलतानपुर पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा समेत कई घोषणाएं कीं।

मंत्री मनोज पाण्डेय ने बताया कि 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके तहत बुजुर्ग महिलाएं तीर्थयात्रा, धार्मिक दर्शन या अपने जरूरी कार्यों के लिए प्रदेश में कहीं भी रोडवेज बस से यात्रा कर सकेंगी। निशुल्क यात्रा के लिए वोटर आईडी या आधार कार्ड को मान्य दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।


राशन की दुकानों पर मिलेगी बैठने और ठंडे पानी की सुविधा

मंत्री ने बताया कि सरकार राशन की दुकानों पर आने वाले लाभार्थियों की सुविधाओं को भी बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। जल्द ही राशन की दुकानों पर लोगों के बैठने और ठंडे पानी की व्यवस्था कराए जाने की योजना है। इसका उद्देश्य राशन लेने पहुंचने वाले बुजुर्गों और अन्य लाभार्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार की ओर से शिक्षा मित्रों के मानदेय में वृद्धि के साथ प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी और उन्हें साड़ी उपलब्ध कराने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और सरकारी सुविधाओं को आमजन के लिए अधिक सुगम बनाया जाए। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके माध्यम से लोगों को मिल रहे लाभों की भी जानकारी दी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *