आज की ताजा खबर

11 दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रुद्राभिषेक का विधिवत समापन, भंडारे में उमड़े हजारों श्रद्धालु

top-news

तारकासुर वध और रुद्राभिषेक की महिमा का हुआ वर्णन, हवन-यज्ञ के साथ संपन्न हुआ धार्मिक आयोजन

आरिफ सिद्दीकी,विश्व मोहन बाजपेई

शाहजहांपुर। खिरनी बाग रामलीला मैदान में आयोजित 11 दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रुद्राभिषेक का बुधवार को विधि-विधान के साथ समापन हो गया। कथा के दौरान काशी बनारस से आए कथा वाचक प्रशांत प्रभु जी महाराज ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं और महापुराण से जुड़ी कथाओं का श्रवण कराया। आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने के लिए पहुंचे।

कथा के अंतिम दिन सोमवार को प्रशांत प्रभु जी महाराज ने तारकासुर वध की कथा का विस्तार से वर्णन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान शिव के रुद्राभिषेक की महत्ता बताते हुए श्रद्धालुओं को इसके धार्मिक महत्व से अवगत कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।


पार्थिव शिवलिंग बनाकर हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक

कथा विश्राम के बाद मंगलवार को सैकड़ों शिवभक्तों ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान शिव का सामूहिक रुद्राभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

इसके बाद बुधवार को आचार्य विवेकानंद शास्त्री, काशी बनारस के निर्देशन में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर 11 दिवसीय धार्मिक आयोजन को विधिवत विराम दिया गया।

विशाल भंडारे में हजारों शिवभक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

समापन अवसर पर आयोजकों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों शिवभक्तों ने भगवान शिव का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया। जेल अधीक्षक जेपी तिवारी, विधायक ददरौल अरविंद सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी भंडारे में सहभागिता की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

इस दौरान हरि शरण बाजपेई, सीमा बाजपेई, अशोक गुप्ता पुवायां, मुनेश्वर सिंह, दीपक शर्मा, विश्वमोहन बाजपेई, नीरज बाजपेई, विष्णु मिश्रा, हरजीत सिंह, अखिलेश सिंह, गौरव त्रिपाठी और अभिषेक वाजपेई समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जयघोष किया और धार्मिक आयोजन के सफल समापन पर आयोजकों का आभार जताया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *