आज की ताजा खबर

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो भाइयों की मौत,मां समेत घायल

top-news

अपूर्व पांडे

सीतापुर/मिश्रित। बनारस से नैमिषारण्य दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार सुबह करीब आठ बजे मिश्रिख थाना क्षेत्र में कल्ली चौराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कदम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 मृतकों की पहचान बनारस निवासी आकाश गुप्ता (30) पुत्र राजीव गुप्ता और यश गुप्ता (25) पुत्र राजीव गुप्ता के रूप में हुई है। हादसे में नंदनी गुप्ता (50) और कार चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

 जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह चार लोग कार से नैमिषारण्य दर्शन के लिए जा रहे थे। कल्ली-नैमिष मार्ग पर कल्ली चौराहे के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े कदम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने आकाश गुप्ता और यश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नंदनी गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार चालक को भी गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल भेजा गया है।

 हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *