आज की ताजा खबर

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा का तोहफा

top-news

 रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक सहयात्री समेत मुफ्त सफर, गांधी प्रेक्षागृह में हुआ कार्यक्रम

शोएब खान

पीलीभीत। रक्षाबंधन से पहले जिले की महिलाओं को बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ किया। गांधी प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें संजय सिंह गंगवार रहे। उन्होंने कहा कि योजना से प्रदेश की करीब 88 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी।


60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की उत्तर प्रदेश निवासी महिलाएं वोटर आईडी या आधार कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ ले सकेंगी। इससे बुजुर्ग माताएं बिना यात्रा खर्च की चिंता के तीर्थाटन और परिजनों से मिलने के लिए सफर कर सकेंगी।

राज्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है। यह सुविधा 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक रहेगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि रक्षाबंधन पर पुलिसकर्मियों, बस चालकों और परिचालकों को भी रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की खुशियां साझा करें।

कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने मातृशक्ति सम्मान समारोह में शामिल महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान भेंट किए।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक प्रतिनिधि ऋतुराज पासवान, ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *