आज की ताजा खबर

स्कूल के कमरे में कूड़े के ढेर में मिली बच्चों को बांटने वाली आयरन की दवाएं

top-news

प्राथमिक विद्यालय मदारडीह में दवाएं मिलने से मचा हड़कंप, प्रधानाध्यापक और बीईओ से नहीं हो सका संपर्क

सुशील चंद्र मिश्र

सुलतानपुर। चांदा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मदारडीह में छात्र-छात्राओं को वितरित की जाने वाली आयरन और कृमिनाशक दवाएं कूड़े के ढेर में पड़ी मिलीं। बुधवार को विद्यालय परिसर में खेल रहे बच्चों की नजर दवाओं पर पड़ी, जिसके बाद मामले की जानकारी आसपास के लोगों को हुई। स्कूल के निष्प्रयोज्य कमरे में दवाएं मिलने से विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया गया कि चांदा क्षेत्र में पट्टी रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय मदारडीह में बच्चों को दी जाने वाली दवाएं कमरे के भीतर कूड़े में पड़ी मिलीं। दवाओं के इस तरह फेंके जाने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी भी देखी गई।


प्रधानाध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारी से नहीं हो सका संपर्क

मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी पूजा पाठक का फोन भी नहीं उठा। ऐसे में दवाओं को विद्यालय के कमरे में किस परिस्थिति में फेंका गया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी यादव ने बताया कि आयरन और अन्य दवाएं सीएचसी से बीआरसी को उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके बाद इन्हें संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाया जाता है।

उन्होंने बताया कि आयरन की गोली प्रत्येक सोमवार को दोपहर के भोजन के बाद छात्र-छात्राओं को खिलाने का प्रावधान है। विद्यालय में दवाएं किस तरह कूड़े में पहुंचीं, इस बारे में विद्यालय के प्रधानाध्यापक और वहां तैनात शिक्षक ही जानकारी दे सकते हैं।

दवाओं के इस तरह कूड़े में मिलने से विद्यालय स्तर पर इनके रखरखाव और बच्चों तक नियमित रूप से वितरण की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में जिम्मेदारी तय करने के लिए संबंधित विभाग की जांच जरूरी मानी जा रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *