आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने देर रात तैयारियों की समीक्षा की

top-news

पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक, जुलूस मार्गों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर जोर

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी निगरानी, सोशल मीडिया की अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

सुशील चंद मिश्र

सुलतानपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में 27 अगस्त की देर रात पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, जुलूस मार्गों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा समेत विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। इसके साथ ही पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।


संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण के निर्देश

एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

जुलूस मार्गों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि ऐसी किसी भी सूचना के सामने आने पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि अफवाहों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

समन्वय और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना भी जरूरी है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *