आज की ताजा खबर

स्वाइन फ्लू को लेकर योगी सरकार अलर्ट, सभी 75 जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

top-news

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की समीक्षा, दिल्ली-एनसीआर से जुड़े जिलों में बढ़े बुखार के मरीज

रजत सिन्हा

लखनऊ। प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति को देखते हुए योगी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग और सभी 75 जिलों के जिलाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्वाइन फ्लू के मामलों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, आवश्यक दवाएं, जांच किट और अन्य चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।


दिल्ली-एनसीआर से जुड़े जिलों में बढ़े बुखार के मरीज

स्वाइन फ्लू की स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर से जुड़े जिलों में मरीजों की संख्या में तेजी देखी गई है। उन्होंने संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीज की स्थिति के अनुसार उसे होम आइसोलेशन की सलाह दी जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वाइन फ्लू की स्थिति पर लगातार नजर रखने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए।

लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील

सरकार ने प्रदेशवासियों से स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की है। स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सक से परामर्श लेने और आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समय पर जांच और उपचार से स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *