आज की ताजा खबर

डीएम की बड़ी कार्यवाही कार्य में लापरवाही पर चार ग्राम विकास अधिकारियो को किया निलंबित लापरवाही पर कार्रवाई

top-news

अनुराग मिश्रा 

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश पर विकास कार्यों में लापरवाही और शिथिलता बरतने के मामले में चार ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। जिला विकास अधिकारी ने चारों ग्राम विकास अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों से संबद्ध कर दिया है।

कार्रवाई की जद में आए ग्राम विकास अधिकारियों में हरगांव में तैनात रहे गणेश कुमार, एलिया में तैनात हरिओम श्रीवास्तव, रेउसा के सोमपाल तथा खैराबाद क्षेत्र के इलसिया ग्रंट में तैनात विकास तिवारी शामिल हैं।

बताया गया कि हरगांव में तैनात रहे ग्राम विकास अधिकारी गणेश कुमार ने दिव्यांग शौचालय के निर्माण के लिए करीब 48 हजार रुपये की धनराशि आहरित की, लेकिन धनराशि आहरण के बाद भी शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया।


स्थानांतरण के बाद गणेश कुमार की तैनाती कसमंडा विकासखंड में हो गई थी। मामले में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार एलिया में तैनात ग्राम विकास अधिकारी हरिओम श्रीवास्तव तथा रेउसा में तैनात सोमपाल पर पंचायत भवन में सामग्री आपूर्ति करने वाली फर्म का भुगतान लंबित रखने का आरोप है। फर्म की ओर से भुगतान न किए जाने की शिकायत अधिकारियों से की गई थी। जांच के बाद प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वहीं, खैराबाद विकासखंड के इलसिया ग्रंट स्थित गोआश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान दो गोवंशीय पशु मृत पाए गए थे। गोआश्रय स्थल की व्यवस्थाओं और पशुओं की देखरेख में ग्राम विकास अधिकारी विकास तिवारी की लापरवाही सामने आने के बाद उनके खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के निलंबन की कार्रवाई के बाद विकास विभाग में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में लापरवाही, सरकारी धन के उपयोग में अनियमितता अथवा जिम्मेदारियों के निर्वहन में शिथिलता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *