आज की ताजा खबर

तिलहर में कानून के छात्र का क्षत-विक्षत शव बरामद, पांच लोगों पर हत्या का आरोप

top-news

रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में मिला शव, मृतक के भाई ने जीआरपी थाने में दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट

प्रॉपर्टी विवाद में धमकी देने का आरोप, विधायक ने परिजनों से मिलकर कार्रवाई के निर्देश दिए

आरिफ सिद्दीकी ,मनोज प्रबल

तिलहर, शाहजहांपुर। तिलहर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर के पास झाड़ियों में कानून के छात्र का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे फेंके जाने का आरोप लगाते हुए जीआरपी थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नगर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी गोविंद कश्यप ने रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई दिलीप कुमार कश्यप कानून की पढ़ाई कर रहा था और तिलहर तहसील में विधि व्यवसाय सीख रहा था। 27 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वह घर से यह कहकर निकला था कि काम के सिलसिले में बरेली जा रहा है।

भाई के मुताबिक दिलीप बरेली से लौटते समय फरीदपुर स्थित अपनी बहन के घर भी गया था। वहां उसने बताया था कि उसे कटरा में किसी व्यक्ति को कागज देकर रुपये लेने हैं और कटरा हाईवे स्थित एक प्रॉपर्टी की पंचायत के सिलसिले में किसी व्यक्ति से मिलना है। रात करीब साढ़े नौ बजे तक परिजनों की उससे फोन पर बात हुई, इसके बाद संपर्क नहीं हो सका।


रेलवे स्टेशन के पास मिला शव

गोविंद कश्यप के अनुसार 27 और 28 अगस्त की मध्यरात्रि तिलहर रेलवे स्टेशन से पश्चिमी आउटर के पास झाड़ियों में दिलीप का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। 28 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे पुलिस के माध्यम से परिजनों को इसकी जानकारी मिली।

मृतक के भाई ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि दिलीप का मोहल्ला बाजार कटरा निवासी अमित मिश्रा, अक्षय मिश्रा पुत्र राजेंद्र प्रसाद, नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रजत विहार निवासी ममता त्रिपाठी पत्नी अश्वनी त्रिपाठी और उनकी बेटियों अपर्णा त्रिपाठी व अंजली त्रिपाठी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।

परिजनों का आरोप है कि उक्त लोग दिलीप पर प्रॉपर्टी संबंधी राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि राजीनामा न करने पर उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। मृतक के भाई ने इन्हीं लोगों पर हत्या करवाकर शव रेलवे स्टेशन के पास फेंकने का आरोप लगाया है, ताकि घटना हादसा प्रतीत हो।

विधायक ने परिजनों को दिया भरोसा

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सलोना कुशवाहा मृतक के घर पहुंचीं और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाकर मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *