आज की ताजा खबर

कुलपति प्रो. के.पी.सिंह की अध्यक्षता में ‘आदर्श अंगूर उद्यान’ का भव्य उद्घाटन

top-news

एडीजी डॉ. रमित शर्मा ने किया शुभारंभ; स्पेन एवं इटली से आएंगी उन्नत अंगूर की किस्में

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहल के तहत ‘आदर्श अंगूर उद्यान’ का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो.के.पी.सिंह ने की, जबकि एडीजी पुलिस, बरेली जोन डॉ.रमित शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उद्यान का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि एवं कुलपति ने अंगूर की बेलों का पौधारोपण कर परियोजना की औपचारिक शुरुआत की। कुलपति प्रो.के.पी.सिंह ने कहा कि ‘आदर्श अंगूर उद्यान’ कृषि, उद्यानिकी, अनुसंधान, नवाचार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है।


इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अंगूर की वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। उद्यान को मॉडल डेमोंस्ट्रेशन एवं रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बेलों की ट्रेनिंग एवं प्रूनिंग, माइक्रो-इरिगेशन, फर्टिगेशन, पोषण प्रबंधन, रोग एवं कीट प्रबंधन तथा गुणवत्तापूर्ण फल उत्पादन जैसी तकनीकों पर व्यावहारिक कार्य होगा।

उन्होंने बताया कि उद्यान को अंतरराष्ट्रीय स्तर की रोपण सामग्री से समृद्ध करने के लिए स्पेन एवं इटली से उन्नत अंगूर की किस्मों का आयात किया जाएगा। इन किस्मों की बरेली की कृषि-जलवायु परिस्थितियों में अनुकूलता, उत्पादन क्षमता, फल गुणवत्ता एवं व्यावसायिक संभावनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा।

मुख्य अतिथि एडीजी डॉ.रमित शर्मा ने विश्वविद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कृषि एवं पर्यावरण आधारित प्रकल्प विद्यार्थियों को प्रकृति और सतत विकास से जोड़ने के साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘आदर्श अंगूर उद्यान’ विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान एवं नवाचार का जीवंत केंद्र बन सकता है। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। यह उद्यान आने वाले समय में बरेली एवं रुहेलखंड क्षेत्र में आधुनिक अंगूर उत्पादन की संभावनाओं का मॉडल केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *