आज की ताजा खबर

आईएमए कानपुर के वार्षिक चुनाव 27 सितंबर को, ईवीएम से होगा मतदान

top-news

चुनाव समिति ने जारी किया कार्यक्रम, सोशल मीडिया प्रचार पर रहेगा प्रतिबंध

वीडियोग्राफी और सीसीटीवी की निगरानी में होगी पूरी चुनाव प्रक्रिया

विजय वर्मा,अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर शाखा के वार्षिक चुनाव 2026-27 की जिम्मेदारी नई चुनाव समिति को सौंपी गई है। शनिवार को आईएमए भवन, टेंपल ऑफ सर्विस, परेड में आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव कार्यक्रम और नियमों की जानकारी दी गई। चुनाव समिति की चेयरपर्सन डॉ. अर्चना भदौरिया, सचिव डॉ. जे.एस. कुशवाहा एवं सदस्य डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, डॉ. राजेश अग्रवाल और डॉ. अलका शर्मा को कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से चुना गया।

आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि वार्षिक चुनाव 27 सितंबर को होंगे। मतदान ईवीएम से कराया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर बैलेट पेपर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। ईवीएम से मतदान होने पर प्रक्रिया पूरी होने के करीब एक घंटे के भीतर परिणाम घोषित करने की व्यवस्था रहेगी। चुनाव समिति के सचिव डॉ. जे.एस. कुशवाहा ने बताया कि नामांकन पत्र 24 अगस्त से उपलब्ध हैं। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि छह सितंबर शाम पांच बजे है। सात सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, आठ सितंबर को वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। नाम वापसी 10 सितंबर शाम पांच बजे तक और अंतिम प्रत्याशी सूची 12 सितंबर को जारी की जाएगी।

 डॉ. ए.के. श्रीवास्तव ने बताया कि वैध आईएमए पहचान पत्र के बिना मतदान नहीं किया जा सकेगा। चुनाव प्रचार में सोशल मीडिया, बैनर, पोस्टर और होर्डिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।चुनाव में अध्यक्ष, चार उपाध्यक्ष, सचिव, वित्त सचिव, संपत्ति सचिव, वैज्ञानिक सचिव, पुस्तकालय सचिव, सांस्कृतिक सचिव, क्रीड़ा सचिव और 48 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होगा। डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि पारदर्शिता के लिए मतदान की वीडियोग्राफी और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग कराई जाएगी। आचार संहिता के उल्लंघन पर प्रत्याशी को अयोग्य भी घोषित किया जा सकता है। समिति ने सभी सदस्यों से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव में सहयोग की अपील की।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *