आज की ताजा खबर

राष्ट्रीय खेल दिवस पर सीएसजेएमयू में खेलों का महाकुंभ,खेलों में 673 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

top-news

विजय वर्मा

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग एवं स्टूडेंट काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें अलग-अलग विभागों के करीब 673 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अंशु यादव, प्रो. बृष्टि मित्रा एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिताओं के शुभारंभ से पहले सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।


राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय में बैडमिंटन, खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अलग-अलग विभागों के विद्यार्थियों की भागीदारी ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने भारतीय खेल जगत में मेजर ध्यानचंद के अमूल्य योगदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों से मेजर ध्यानचंद के अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति प्रतिबद्धता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी साधन भी हैं। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस खेल आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का अनुभव प्रदान किया। 673 विद्यार्थियों की भागीदारी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन को व्यापक और प्रभावशाली बना दिया। राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में विभिन्न खेलों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. आर.पी. सिंह, डॉ. प्रभाकर पांडेय, आयोजन सचिव अभिषेक मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार चौहान एवं मोहित तिवारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *